नुकीले हथियार से किया वार, युवती गंभीर रूप से घायल
(CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ)
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूटी से घर लौट रही एक युवती पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने नुकीले हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्कूटी रोकने की कोशिश, फिर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपिल नगर निवासी अनामिका तिवारी (24 वर्ष) एक पेट्रोल पंप में नोजल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार दोपहर लगभग 1:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर वह स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान ओयो होटल और हिर्री माइंस के बीच बाइक सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।
स्थिति को भांपते हुए अनामिका ने स्कूटी की गति बढ़ाकर वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन तभी बाइक पर पीछे बैठे युवक ने नुकीले हथियार से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
कई हिस्सों में गंभीर चोट
हमले में अनामिका की दाहिनी जांघ, बाएं हाथ और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में वह किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से चकरभाठा थाना पहुंचीं, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी मौके से फरार
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पेण्ड्रीडीह चौक की ओर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


