कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) —
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती अब एक गंभीर आपराधिक मामले में तब्दील हो गई है। कोरबा में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से मुकर गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2019 में उसकी फेसबुक के माध्यम से शक्ति जिले के जैजैपुर निवासी 25 वर्षीय हेमंत चन्द्रा से पहचान हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा करते हुए युवती के साथ कई बार दैहिक संबंध बनाए।
युवती का कहना है कि आरोपी उससे शादी की बात कहकर साथ जीने-मरने की कसमें खाता रहा। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो युवक ने साफ इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कई वर्षों तक यह कहता रहा कि वह परिजनों को मना कर शादी करेगा, लेकिन अब पूरी तरह पीछे हट गया है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी युवक जैजैपुर में डी-मार्ट के पास रहता है और एक पेट्रोल पंप का संचालन करता है। वह कई बार कोरबा स्थित उसके घर भी आ चुका है। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले आरोपी उसे बिलासपुर के एक होटल में लेकर गया था। पीड़िता का दावा है कि आरोपी की मां जैजैपुर क्षेत्र की कांग्रेस की एक प्रभावशाली नेत्री हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक अब किसी अन्य युवती से शादी की तैयारी कर रहा है। इसी से आहत होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली और न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


