कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान बाल-बाल बच गई। दोनों ही घटनाओं में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई, जिससे कुछ देर के लिए घटनास्थलों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहली घटना: बालको थाना क्षेत्र
बालको थाना अंतर्गत दर्री मुख्य मार्ग स्थित डेम चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, एक मोपेड (लूना) सवार व्यक्ति मछली बेचने के लिए निकला था। इसी दौरान लापरवाह ट्रेलर चालक ने पहले मोपेड को टक्कर मारी और फिर पास से गुजर रहे एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी।
मोपेड सवार ने बताया कि वह बालको का निवासी है और गुरुवार सुबह मछली बेचने जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मोपेड ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गई और वह स्वयं दोनों पहियों के बीच गिर पड़ा। गनीमत रही कि ट्रेलर उसके ऊपर से निकल गया और वह किसी तरह बच गया। यदि पहियों के नीचे दब जाता तो उसकी जान जा सकती थी।
वहीं, दूसरा बाइक सवार हेलमेट पहने हुए था, जिससे वह गंभीर चोट से बच गया। टक्कर के बाद वह दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
दूसरी घटना: उरगा थाना क्षेत्र
दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के कनकी के पास हुई, जहां एक बोरवेल वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक वाहन के पहियों के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक भी पहियों के नीचे फंस गया। चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिया, जिससे युवक की जान बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घायल युवक की पहचान पतोरा निवासी के रूप में हुई है, जो कोरबा काम से गया था और वापस घर लौट रहा था। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रहे ऐसे सड़क हादसे तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है।


