कोरबा : सूने मकान की खिड़की तोड़कर चोरों ने किया हाथ साफ, नगदी व जेवरात समेत ढाई लाख की चोरी

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल)

कोरबा जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरपारा कोहड़िया स्थित बाबाडेरा बस्ती में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़ने के बजाय पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे ₹1 लाख नगद सहित सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मकान मालिक संजय केवट अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जांजगीर-चांपा गए हुए थे। घर सूना पाकर अज्ञात चोरों ने पीछे की खिड़की तोड़ी और भीतर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार वापस लौटा और घर का ताला खोला तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अनहोनी की आशंका होने पर तत्काल इसकी सूचना सीएसईबी चौकी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से पीछे की खिड़की को निशाना बनाया। चोरी के बाद कुछ पेटी और घरेलू सामान को बाहर फेंक दिया गया, जिससे अंदेशा है कि चोर जल्दबाजी में फरार हुए।

पीड़ित संजय केवट ने बताया कि वह चौपाटी क्षेत्र में फास्ट फूड की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी ने अलमारी में ₹1 लाख नगद रखे थे, साथ ही सोने-चांदी के कीमती जेवरात भी थे, जिन्हें चोर ले गए।

इस संबंध में सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि मकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

3/related/default