[CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ]
कोरबा। कोरबा वन मंडल क्षेत्र में एक लोनर (अकेला) हाथी के प्रवेश से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हाथी की गतिविधियों पर थर्मल ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी की जा रही है। इसकी जानकारी डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव ने मीडिया से बातचीत में दी।
डीएफओ ने बताया कि कटघोरा वन मंडल में हाथी के हमले से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि शुक्रवार सुबह बालको क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की जान चली गई। वर्तमान में लोनर हाथी की मौजूदगी बालको बीट क्षेत्र में दर्ज की गई है, जिससे आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
उन्होंने आगे बताया कि कुदमुरा, करतला और पसर खेत क्षेत्र में करीब 15 हाथियों का दल भी सक्रिय है, जिनकी गतिविधियों पर ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से लगातार जागरूक किया जा रहा है, क्योंकि हाथियों का मूवमेंट कभी भी किसी भी दिशा में हो सकता है।
पर्यटकों के लिए बैरियर अस्थायी रूप से बंद
सुरक्षा कारणों से बालको रेंज के अजगर बहार बैरियर और बालको बैरियर को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। वन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बिना विभागीय अनुमति और सूचना के कोई भी व्यक्ति इन क्षेत्रों में प्रवेश न करे।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि—
- जंगल से लगे क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें
- रात के समय अकेले बाहर निकलने से बचें
- हाथी दिखाई देने या उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें
प्रशासन और वन अमला स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।


