रायपुर (CG ई खबर) रायपुर, 23 दिसंबर 2025 — राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से अमल करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कार्यपालन अभियंता (EE) और दो अनुविभागीय अधिकारियों (SDO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई बीजापुर जिले के नेलसनार–कोडोली–मिरतुल–गंगालुर मार्ग निर्माण कार्य में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामले में की गई है। गंगालूर थाना में अपराध पंजीबद्ध होने के बाद विवेचना के दौरान अभियंताओं की संलिप्तता सामने आने पर यह कठोर निर्णय लिया गया।
निलंबित अधिकारियों में—
- श्री हरनारायण पात्र, कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग संभाग सुकमा
- श्री प्रमोद सिंह तंवर, अनुविभागीय अधिकारी, उपसंभाग क्रमांक-1, बीजापुर
- श्री संतोष दास, अनुविभागीय अधिकारी, सेतु उपसंभाग, जगदलपुर
शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग द्वारा मंत्रालय से आज तीनों अभियंताओं के तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान तीनों का मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
राज्य सरकार की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे स्पष्ट होता है कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


