(नारायण चंद्राकर, कोरबा जिला संवाददाता | CG ई खबर)
जांजगीर-चाम्पा। जिले के पुलिस महकमे में अनुशासनहीनता और घरेलू विवाद के एक गंभीर मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है। रक्षित केंद्र (लाइन) जांजगीर में पदस्थ आरक्षक डण्डेश्वर बंजारे को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आरक्षक पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी की और घरेलू हिंसा में भी शामिल रहे।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक डण्डेश्वर बंजारे की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। पत्नी का आरोप था कि आरक्षक न केवल उसके साथ मारपीट और घरेलू हिंसा करता है, बल्कि उन्होंने पहली पत्नी के कानूनी तौर पर रहते हुए दूसरी शादी भी कर ली।
SP की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता और पुलिस विभाग की छवि को ध्यान में रखते हुए, SP विजय कुमार पाण्डेय ने जांच के बाद आरक्षक को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में आरक्षक का मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर नियत किया गया है।
"पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और अनैतिक कार्यों के लिए कोई जगह नहीं है। शिकायत के आधार पर आरक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।" – SP विजय कुमार पाण्डेय


