दुर्ग|CG ई खबर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में पदस्थ आरक्षक अरविन्द कुमार मेन्ढे को दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त (डिसमिस) कर दिया है। आरोपी कांस्टेबल वारदात के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बेटे को जेल से छुड़ाने का झांसा देकर किया अपराध
पीड़ित महिला ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उसका बेटा एक आपराधिक मामले में जेल में बंद है। इसी का फायदा उठाते हुए आरक्षक अरविन्द कुमार मेन्ढे ने नवंबर 2025 में महिला को फोन कर थाने बुलाया और बेटे को जेल से छुड़ाने का झांसा दिया।
सुनसान जगह ले जाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार, 18 नवंबर 2025 को आरोपी कांस्टेबल ने महिला को चरौदा बस स्टैंड बुलाया। वहां से वह उसे अपनी बाइक पर बैठाकर रेलवे स्कूल के पास फाटक पार कर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को भी जेल भिजवाने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
अगले दिन दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित महिला ने साहस जुटाकर 19 नवंबर 2025 की शाम पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी की सख्त कार्रवाई, कांस्टेबल सेवा से बर्खास्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने आरोपी आरक्षक अरविन्द कुमार मेन्ढे को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह वर्दी में ही क्यों न हो।
आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी कांस्टेबल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किए जाने का दावा किया जा रहा है।
प्रशासन का बयान
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि पीड़ित महिला की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है। मामले में फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।



