CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

तीन पोहा मिलों के स्टॉक सील, 384 कट्टा अवैध धान जब्त समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त


(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

रायपुर, 20 जनवरी। समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन एवं कस्टम मिलिंग में अनियमितताओं के खिलाफ बलौदाबाजार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच टीम द्वारा की गई सघन जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर तीन पोहा मिलों के स्टॉक को सील कर दिया गया, वहीं 384 कट्टा अवैध धान जब्त कर संबंधितों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भाटापारा क्षेत्र अंतर्गत गणेश बिंद्रा देवी इंडस्ट्रीज (खोखली), एन.के. पोहा मिल्स एवं दीक्षा इंडस्ट्रीज पोहा मिल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान इन मिलों में क्रमशः 638.40 क्विंटल, 63.60 क्विंटल एवं 96.40 क्विंटल धान का अतिरिक्त एवं अवैध स्टॉक पाया गया। इस अनियमितता पर मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए तीनों मिलों के स्टॉक को सील किया गया।

इसी क्रम में ग्राम रीकोखुर्द में पवनकुमार साहू (पिता गजाधर) द्वारा 108 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर धान को वाहन सहित जब्त कर ग्राम कोटवार के सुपुर्द किया गया। तहसील पलारी के ग्राम सुंदरावन में पोखन जायसवाल से 200 कट्टा धान, जबकि नवागांव खरोरा से 56 कट्टा सरना धान अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया।

वहीं तहसील लवन अंतर्गत ग्राम बगबुड़ा में विनोद गायकवाड़ द्वारा अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 20 बोरी धान को भी जब्त कर ग्राम कोटवार के सुपुर्द किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अवधि के दौरान अवैध भंडारण, परिवहन एवं किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने संबंधितों को चेतावनी देते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads