ads 90x728

नहर पुल की लोहे की रेलिंग चोरी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार


5 टन लोहे की रेलिंग, गैस कटर व वाहन जब्त, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा। जिले में रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस संगठित चोरी गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग, एक टाटा एस (छोटा हाथी), स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन और ₹6,000 नगद बरामद किए हैं।
(Korba Bridge Theft Case Latest Update)

ऐसे हुई वारदात, FIR दर्ज

पुलिस के अनुसार यह घटना 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात की है। प्रार्थी द्वारा चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात चोरों ने रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में साइबर सेल कोरबा और चौकी सीएसईबी पुलिस को शामिल किया गया।

15 की पहचान, 5 गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस ने कुल 15 आरोपियों की पहचान की, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गैस कटर की मदद से पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपी

  • लोचन केवट (20 वर्ष)
  • जयसिंह राजपूत (23 वर्ष)
  • मोती प्रजापति (27 वर्ष)
  • सुमित साहू (19 वर्ष)
  • केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर (22 वर्ष)

सभी आरोपी कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

CG ई खबर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads