CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

स्पा वसूली मामले में ASP राजेंद्र जायसवाल निलंबित


स्पा संचालक को धमकी देने का स्टिंग वीडियो हुआ था वायरल

(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

छत्तीसगढ़/रायपुर/बिलासपुर के तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेंद्र जायसवाल को राज्य शासन ने निलंबित कर दिया है। स्पा चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली और स्पा संचालक को धमकी देने से जुड़े स्टिंग वीडियो के वायरल होने के बाद सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टिंग वीडियो में ASP पर स्पा संचालक से मासिक वसूली की मांग और राशि नहीं देने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के आरोप सामने आए थे। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित स्पा संचालक ने बिलासपुर रेंज के आईजी से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि संचालक को कार्यालय बुलाकर लेन-देन को लेकर दबाव और धमकी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर संभाग के आईजी ने बिलासपुर एसएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 7 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने मीडिया से बातचीत में तत्काल ASP को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके बाद देर शाम राज्य शासन द्वारा निलंबन आदेश जारी कर दिया गया।

राज्य शासन के आदेश के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन पाया गया है। इसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के अंतर्गत ASP राजेंद्र जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर (अटल नगर) निर्धारित किया गया है तथा उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता नियमानुसार देय होगा।

उल्लेखनीय है कि राजेंद्र जायसवाल वर्तमान में गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे।


Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads