CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

दर्री-कोरबा—एनटीपीसी केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी गई जागरूकता


(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

कोरबा, 15 जनवरी। आगामी 31 जनवरी तक कोरबा जिले में चल रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ट्रैफिक पुलिस द्वारा एनटीपीसी टाउनशिप स्थित केंद्रीय विद्यालय में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस कार्यक्रम में विद्यालय के 250 से अधिक विद्यार्थियों को यातायात नियमों के साथ-साथ साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य एस.के. साहू एवं अन्य शिक्षकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

जागरूकता अभियान में ट्रैफिक डीएसपी डी.के. सिंह, इंस्पेक्टर तेज कुमार, सब इंस्पेक्टर आर.एन. रात्रे, मनोज राठौर, ईश्वर लहरे, हेड कांस्टेबल लीलाधर चंद्र, कांस्टेबल अरुण भट्टपहरे, खेम साहू एवं संतोष सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि यातायात नियम हर व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। छोटे शहरों से लेकर महानगरों तक सुरक्षित आवागमन के लिए नियमों की जानकारी होना जरूरी है। अनजाने में होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव में यातायात नियम अहम भूमिका निभाते हैं।

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि कोविड काल के दौरान जितनी मौतें नहीं हुईं, उससे कहीं अधिक मौतें पिछले वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में दर्ज की गईं, जिसमें अखिल भारतीय स्तर पर 1 लाख 78 हजार से अधिक लोगों की जान गई। ऐसे में सड़क पर चलते समय नियमों का ईमानदारी से पालन करना नितांत आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई और उन्हें इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads