5 आरोपी जेल दाखिल, पुल कटिंग और अवैध कबाड़ कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान
मुकेश व असलम पर ₹5-₹5 हजार का ईनाम, निगरानी भी खोली जा रही
(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर: सरस्वती मरकाम)
छत्तीसगढ़ | कोरबा जिले में पुल कटिंग और अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कबाड़ियों की “हवा टाइट” कर दी है। रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल में लगे लोहे के पुल/रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी करने का मामला सामने आने के बाद, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कबाड़ियों के रिकॉर्ड की सघन जांच, दुकानों की सीलबंदी और फरार आरोपियों की धरपकड़ से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
अपराध का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 17.01.2026 की रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगे लोहे के पुल/रेलिंग को अज्ञात चोरों ने गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया। इसके बाद 28 जनवरी को एक और लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि 19 जनवरी की रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित डेंगुरनाला के ऊपर बने लोहे के ब्रिज को भी गैस कटर से काटकर चोरी किया गया है।
मामले में चौकी सीएसईबी में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच में दोनों घटनाओं में एक ही संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित कुमार पिता रामानंद भगत (33 वर्ष)
- राजेश कुमार उपाध्याय पिता महेश्वर लाल (48 वर्ष)
- विक्की कुमार साह पिता रंजीत (24 वर्ष)
- मोहम्मद असलम पिता मोहम्मद महबूब खान (42 वर्ष)
- मोहम्मद अब्दुल कादिर पिता मोहम्मद राहुब खान (19 वर्ष)
इसके अलावा विधि से संघर्षरत 2 बालकों को भी जेल/सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी संगठित रूप से गैस कटर का उपयोग कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते थे और चोरी की गई लोहे की सामग्री को कबाड़ में खपाने का काम करते थे। इनकी गतिविधियां थाना बालको, कुसमुंडा तथा नगर निगम क्षेत्र में सक्रिय पाई गई हैं।
ईनाम व आगे की कार्रवाई
मुख्य फरार आरोपियों मुकेश एवं मोहम्मद असलम पर ₹5,000-₹5,000 का ईनाम घोषित किया गया है। साथ ही, अवैध कबाड़ नेटवर्क को तोड़ने के लिए संदिग्ध कबाड़ियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर सीलबंदी की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति से छेड़छाड़ और अवैध कबाड़ कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

