दो युवाओं की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल
(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)
बिलासपुर, 9 जनवरी 2026।
बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नूतन चौक के पास सीपत मार्ग पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार नेक्सॉन कार (क्रमांक CG 12 AU 0995) अनियंत्रित होकर हाईवे से जा टकराई।
प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी युवक-युवतियां शराब का सेवन करने के बाद रात करीब 11:30 बजे घूमने निकले थे। तेज गति में चल रही कार के चालक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। कार घूमते हुए फिल्मी अंदाज़ में सामने से हाईवे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर सीट के पास बैठी युवती डैशबोर्ड से जा टकराई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक की भी जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कार से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सरकंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने लापरवाह ड्राइविंग को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार के खतरनाक परिणामों की चेतावनी देता है।


