जेपी नड्डा के बयान पर शिकायत खारिज, पुलिस ने कहा– मामला पहले से न्यायालय में लंबित

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के एक बयान को लेकर दर्ज कराई गई ऑनलाइन शिकायत को खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि संबंधित विषय पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है, ऐसे में नई शिकायत पर अलग से कार्रवाई संभव नहीं है।

पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी आवेदक विकास तिवारी ने 1 जनवरी 2026 को जांजगीर थाने में एक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में 22 दिसंबर 2025 को जांजगीर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जेपी नड्डा द्वारा जीराम घाटी की घटना को लेकर दिए गए कथित बयान पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई थी।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि जीराम घाटी की घटना से जुड़ा प्रकरण पहले ही दरभा थाना क्षेत्र, बस्तर में दर्ज है। इस प्रकरण की जांच एक केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा की जा चुकी है और वर्तमान में यह मामला न्यायालय में लंबित है।

पुलिस का कहना है कि चूंकि नई शिकायत उसी प्रकरण से संबंधित पाई गई, जो पहले से न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है, इसलिए शिकायत को खारिज कर दिया गया।

इस संबंध में जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने बताया कि न्यायालय में लंबित मामले पर अलग से कोई नई कार्रवाई पुलिस स्तर पर संभव नहीं है, इसी कारण शिकायत निरस्त की गई है।

3/related/default