(CG ई खबर | कोरबा जिला रिपोर्टर : नारायण चंद्राकर)
कोरबा/दर्री (CG ई खबर) | 10 मार्च 2026 : देश की प्रमुख सुरक्षा बलों में से एक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने मंगलवार को अपना 57वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर सीआईएसएफ यूनिट केएसटीपीपी, कोरबा परिसर में भव्य परेड सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनटीपीसी कोरबा के मुख्य महाप्रबंधक किशोर चन्द्र पात्रा रहे। उनके साथ एनटीपीसी प्रबंधन के अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत परेड और स्वागत समारोह से हुई, जिसमें अधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट राजीव कुल्हारी, उपकमांडेंट लक्काकुला गौतम सहित अन्य अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। परेड का नेतृत्व निरीक्षक (कार्य) एस.के. मिश्रा ने किया, जो कमांडेंट राजीव कुल्हारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
कार्यक्रम में सीआईएसएफ के 129 जवानों ने भाग लिया और अनुशासन व कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस दौरान जवानों ने रूम इंटरवेंशन डेमो, साइलेंट ड्रिल, योगा डेमो, फर्स्ट एड प्रदर्शन और वन मिनट ड्रिल जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि किशोर चन्द्र पात्रा ने अपने संबोधन में सीआईएसएफ के स्थापना दिवस पर बल के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ का देश की आंतरिक सुरक्षा, औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीआईएसएफ और एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारियों व कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मुख्य महाप्रबंधक किशोर चन्द्र पात्रा ने सीआईएसएफ केएसटीपीपी कोरबा इकाई परिसर में पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट राजीव कुल्हारी ने एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारियों तथा सीआईएसएफ यूनिट के सभी बल सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।



