CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, निगम आयुक्त खुद उतरे सड़क पर


बुधवारी, घंटाघर और वीआईपी रोड पर बड़ी कार्रवाई, कॉलेज के सामने से हटे ठेले-गुमटी

(CG ई खबर दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

छत्तीसगढ़ कोरबा : कोरबा शहर में लंबे समय से सड़क किनारे फैले अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शहर के व्यस्ततम बुधवारी बाजार, वीआईपी रोड और घंटाघर रोड क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। निगम की टीम ने सड़क किनारे लगे कई ठेले-गुमटी हटाते हुए रास्ते को साफ कराया।

यह कार्रवाई शहर में चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण और सौंदर्यीकरण कार्य के तहत की जा रही है। विशेष रूप से सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार होते हुए वीआईपी रोड, आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी चौक से घंटाघर और महाराणा प्रताप चौक तक के पूरे मार्ग को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

बाजार के बाहर सड़क पर सजा रहे थे सामान

बुधवारी बाजार के दोनों ओर वीआईपी रोड और घंटाघर रोड के किनारों पर बड़ी संख्या में ठेले-गुमटी लग गए थे। बाजार के अंदर दुकानें आवंटित होने के बावजूद कई व्यापारी सड़क पर ही सामान सजाकर बिक्री कर रहे थे, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी।

नगर निगम ने पहले ही अतिक्रमण रोकने के लिए बाजार के दोनों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।

अतिक्रमण हटने से यातायात हुआ सुचारु

निगम की कार्रवाई के बाद वीआईपी रोड की ओर जाने वाले मोड़ सहित कई हिस्सों से ठेले-गुमटी हटाए गए हैं। सड़क किनारे खाली स्थान मिलने से अब सड़कों की चौड़ाई बढ़ी है और लोगों को जाम व अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से राहत मिलने लगी है।

कॉलेज के सामने से हटाए गए ठेले-गुमटी

नगर निगम की टीम ने कॉलेज के सामने से भी सभी ठेले-गुमटी हटाए। अधिकारियों ने बताया कि जिन दुकानदारों के ठेले हटाए गए हैं, उन्हें भविष्य में दुकान आवंटन की प्रक्रिया में प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो और शहर भी व्यवस्थित रहे।

नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुगठित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads