CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

बहू दे रही बोर्ड परीक्षा, प्राचार्य बिना ड्यूटी परीक्षा कक्षों में घूमते मिले, कार्रवाई के लिए भेजा गया प्रतिवेदन

आवेदन की कॉपी 

कोरबा | CG ई खबर : 
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया के प्राचार्य ललित कुमार चंद्रा पर परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता और संदिग्ध गतिविधियों का आरोप लगा है। मामले में उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षा के दौरान गठित उड़नदस्ता टीम ने 27 फरवरी 2026 और 2 मार्च 2026 को विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्राचार्य ललित कुमार चंद्रा बिना किसी आधिकारिक ड्यूटी के परीक्षा समय में परीक्षा कक्षों में लगातार घूमते हुए नजर आए।

बताया गया कि 27 फरवरी को कक्षा 12वीं की जीव विज्ञान परीक्षा के दौरान वे सभी परीक्षा कक्षों में जाते हुए पाए गए, जबकि उनकी किसी प्रकार की परीक्षा ड्यूटी निर्धारित नहीं थी। इस पर उड़नदस्ता टीम ने उन्हें समझाइश दी कि परीक्षा समय में वे विद्यालय में उपस्थित न रहें।

इसके बावजूद 2 मार्च को कक्षा 12वीं की गणित परीक्षा के दौरान भी प्राचार्य पुनः परीक्षा कक्षों में घूमते हुए पाए गए। इसी परीक्षा में उनकी स्वयं की बहू स्वाध्यायी परीक्षार्थी के रूप में शामिल हो रही है, जिसके कारण उनकी उपस्थिति को संदेहास्पद माना जा रहा है।

उड़नदस्ता टीम और केंद्राध्यक्ष द्वारा कई बार समझाइश देने के बावजूद उनके द्वारा परीक्षा कार्य में हस्तक्षेप कर मनमानी करने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार यह आचरण शासकीय कार्य के प्रति घोर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत है।

मामले को गंभीर मानते हुए प्राचार्य ललित कुमार चंद्रा के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर कोरबा, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा को प्रतिवेदन भेज दिया गया है।

अब इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads