नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर जिले के खापरखेड़ा इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर पति-पत्नी ने मिलकर एक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान सागर वानखेडे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सागर पुणे में नौकरी करता था और होली का त्योहार मनाने के लिए अपने घर नागपुर आया हुआ था। पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोप में राजू गजभिये और उसकी पत्नी सोनाली गजभिये को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़ाई के समय से था प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनाली और सागर के बीच पढ़ाई के समय से ही प्रेम संबंध थे। बाद में सोनाली की शादी राजू गजभिये से हो गई और उनके दो बच्चे भी हैं। हालांकि शादी के बाद भी सोनाली और सागर के बीच संपर्क बना रहा। इस बात को लेकर पहले भी राजू गजभिये ने खापरखेड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
बताया जा रहा है कि होली मनाने के लिए सागर पुणे से अपने गांव सावंगी आया था। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर सोनाली को मैसेज कर मिलने के लिए बुलाया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सागर खापरखेड़ा पहुंचा, जहां श्याम मंगल कार्यालय के पास सोनाली उसकी बाइक पर बैठकर निकल गई। इस दौरान सोनाली अपने साथ एक चाकू भी लेकर आई थी।
साजिश रचकर की हत्या
घटना के दौरान राजू गजभिये बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दोनों के पीछे निकल पड़ा। खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर कोलार नदी के पुल के पास पहुंचने पर सोनाली ने जानबूझकर अपना पर्स नीचे गिरा दिया। जैसे ही सागर बाइक रोककर पर्स उठाने के लिए झुका, सोनाली ने चाकू निकालकर उस पर दो वार कर दिए।
उसी समय वहां पहुंचे राजू गजभिये ने भी सागर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घर लौट गए और बाद में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने रास्ते में ही दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

