बिलासपुर। शहर में नकली सोना को असली बताकर ज्वेलरी दुकानों में धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से नकली सोने के टॉप्स और अंगूठी बरामद की गई है।
मामले की जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को प्रार्थी जलेश कुमार आहिरे (26 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा, जो सदर बाजार स्थित लीला ज्वेलर्स में मैनेजर हैं, ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल की शाम एक महिला दुकान में आई और अपना नाम पूनम वर्मा बताया। महिला ने अपने पास रखे एक जोड़ी टॉप्स और एक अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताते हुए उसे बदलकर नया सोना लेने की बात कही।
शक होने पर जब ज्वेलरी को मशीन से जांचा गया, तो वह नकली निकली। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 234/26 के तहत धारा 318(4), 62, 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान सदर बाजार क्षेत्र में महिला अपने पति और बच्चे के साथ घूमती हुई मिली, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 18K 750 हॉलमार्क लिखा नकली सोना बरामद हुआ, जिसमें—
- 01 जोड़ी टॉप्स (वजन 4 ग्राम 230 मिलीग्राम)
- 01 अंगूठी (वजन 3 ग्राम 100 मिलीग्राम)
पुलिस ने इस मामले में आरोपी—
- संजय वर्मा (40 वर्ष), निवासी ग्राम भूलनपुर, थाना मडवाहीह, जिला वाराणसी (उ.प्र.)
- पूनम वर्मा (30 वर्ष)
को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
🔎 पुलिस की अपील:
व्यापारियों से अपील की गई है कि ज्वेलरी खरीद-फरोख्त के दौरान पूरी जांच-पड़ताल करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

