ads 90x728

कनकी नहर पुल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 टन संदिग्ध स्क्रैप जब्त


कोरबा, 26 मई (CG ई खबर)।
जिले में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उरगा थाना क्षेत्र के कनकी नहर पुल के पास करीब 10 टन संदिग्ध कबाड़ से भरा एक माजदा वाहन जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में स्क्रैप को जांजगीर ले जाने की तैयारी होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि उरगा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से कबाड़ के संग्रहण और परिवहन की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कनकी नहर पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पूछताछ में वाहन चालक ने कबाड़ को राजेश कर्ष नामक व्यक्ति का बताया। चालक के अनुसार स्क्रैप को जांजगीर ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 102 के तहत कार्रवाई करते हुए स्क्रैप सहित अन्य संदिग्ध वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि जब्त माल से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्क्रैप कहां से लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

गौरतलब है कि कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार लंबे समय से प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि औद्योगिक क्षेत्रों, बंद खदानों और सरकारी परिसरों से चोरी किए गए लोहे को अवैध नेटवर्क के जरिए खपाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads