धमतरी/कोरबा। सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेचका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हुंडई आई-20 कार से 44 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है और दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, कार, मोबाइल फोन एवं नकदी सहित 15 लाख 2 हजार 500 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गांजे की यह खेप ओडिशा से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना मेचका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के भवानीपटनम क्षेत्र से एक लाल रंग की हुंडई आई-20 कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर धमतरी की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीतिक रूप से घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान कार से 44 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 8.80 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की खेप को ओडिशा से गुजरात ले जाकर बेचने की तैयारी में थे।
दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
पुलिस ने मामले में गुजरात निवासी समीर खमीसा सिंधी (32 वर्ष) एवं मोहम्मद रफीक (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जप्त सामग्री
- 44 किलोग्राम गांजा – लगभग 8.80 लाख रुपये
- हुंडई आई-20 कार – लगभग 6 लाख रुपये
- 3 स्मार्ट मोबाइल फोन
- नगद राशि
- कुल जप्त संपत्ति – 15.02 लाख रुपये
मेचका पुलिस की इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

