भैरोताल/कोरबा, 18 जून 2026। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम भैरोताल (कपाटमुड़ा) में एक किसान की वैध बाउंड्री वॉल को ट्रैक्टर से ढहा देने और विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भैरोताल निवासी दुबे लाल पटेल (40 वर्ष), पिता रूपसाय पटेल के घर के बाहर उनकी निजी स्वामित्व वाली भूमि पर निर्मित बाउंड्री वॉल को गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव के ही हीरालाल पटेल, पिता फेकूराम पटेल द्वारा ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि संबंधित भूमि और मार्ग को लेकर पूर्व में राजस्व विभाग के पटवारी एवं आरआई द्वारा सीमांकन और मौका जांच की जा चुकी है। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया था कि उक्त स्थान पर कोई सार्वजनिक रास्ता नहीं है तथा बाउंड्री वॉल वैध रूप से निर्मित है।
इसके बावजूद आरोपी ने कथित रूप से ट्रैक्टर चढ़ाकर दीवार को जमींदोज कर दिया, जिससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना का विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे, जो पूरे घटनाक्रम के प्रत्यक्षदर्शी हैं।
पीड़ित दुबे लाल पटेल ने कुसमुंडा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।
मामले की प्रतिलिपि जिला प्रशासन एवं राजस्व अधिकारियों को भी भेजी गई है। शिकायत के अनुसार इसकी जानकारी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी), एसडीएम एवं तहसीलदार को भी दी गई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

