11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, मानिकपुर पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच

CG.ई ख़बर


कोरबा।
जिले के मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। डिपर पारा निवासी 40 वर्षीय लव कुश साहू की 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले लव कुश साहू का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर के बाहर दीवार के सहारे बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इसी दौरान वह 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया और उसे जोरदार करंट लग गया। करंट की चपेट में आने के बाद वह नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि मृतक अपनी पत्नी बिंदा साहू और बच्चों के साथ डिपर पारा में रहता था तथा हमाली का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रारंभिक तौर पर घरेलू विवाद के बाद उसके द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


घटना की सूचना मिलने के बाद मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस घटना को आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

3/related/default