कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलगी खार निवासी करीब 27 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दीपक कुमार कंवर, पिता ईश्वर सिंह कंवर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब परिजनों की नजर युवक पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल बांकी मोंगरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व युवक की बाइक गुम हो गई थी, जिसे लेकर वह काफी परेशान चल रहा था। हालांकि, युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
फिलहाल बांकी मोंगरा पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


