कटघोरा में 15 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन: कुएं में गिरे भालू को सुरक्षित बचाकर जंगल में छोड़ा

CG.ई ख़बर


कोरबा।
कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिंदिया में एक जंगली भालू के खुले कुएं में गिर जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब 15 घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान के बाद भालू को सुरक्षित बाहर निकालकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

वन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू अभियान के दौरान भालू को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे, इसके लिए पूरी सावधानी बरती गई। टीम ने कुएं के भीतर सुरक्षित ढलान (रैंप) तैयार की और बांस की सीढ़ी लगाई, जिससे भालू स्वयं ऊपर चढ़कर बाहर निकल सका। इस दौरान भीड़ को मौके से दूर रखा गया ताकि भालू तनाव में न आए और रेस्क्यू सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।


भालू के बाहर निकलते ही उसने जंगल की ओर रुख किया। वन विभाग की टीम ने कुछ दूरी तक उसकी निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि वह सुरक्षित रूप से अपने प्राकृतिक आवास में पहुंच गया है।

वन विभाग ने बताया कि इस पूरे अभियान में तकनीकी सूझबूझ, धैर्य और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिना ट्रैंकुलाइज किए, प्राकृतिक तरीके से भालू को बाहर निकालना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मामलों में जानवर को कम से कम तनाव देना और प्राकृतिक रूप से बाहर निकलने का अवसर देना सबसे सुरक्षित तरीका माना जाता है।


वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी वन्यजीव के आबादी क्षेत्र में आने या दुर्घटना में फंसने की सूचना मिले तो स्वयं बचाव का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। साथ ही खुले कुओं को जाली या मजबूत मुंडेर से सुरक्षित करने की भी सलाह दी गई है, ताकि भविष्य में वन्यजीवों के साथ ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

3/related/default