फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के खुडना बैध गांव में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने अपनी ही मां की सिलबट्टे के बट्टे से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी बहन पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन बहन ने कमरे में बंद होकर किसी तरह अपनी जान बचा ली।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और प्लास्टिक की रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव या अवसाद में था। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस मां ने बेटे को जन्म देकर पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे द्वारा उसकी निर्मम हत्या किए जाने से हर कोई स्तब्ध है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


