रायगढ़, 26 जुलाई। रायगढ़ के रामभांठा स्थित संत माइकेल अंग्रेजी माध्यम स्कूल के निर्माणाधीन भवन में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 विधि से संघर्षरत अपचारी बालक भी शामिल हैं। इसके अलावा चोरी का सामान खरीदने वाले 2 कबाड़ियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने निर्माणाधीन स्कूल भवन से वायरिंग वायर, प्लम्बिंग सामग्री, पेंटिंग सामग्री, तड़ित चालक और अन्य निर्माण सामग्री चोरी की थी। चोरी किए गए नए वायर को जलाकर उसमें से तांबा निकाला गया और बाद में इसे कबाड़ियों को बेच दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कूटी, चोरी के जले हुए तार, नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया है। चोरी का माल खरीदने वाले दोनों कबाड़ियों को भी पुलिस ने कार्रवाई के दायरे में लेते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज 24 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश होने से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।



