झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ शहर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नया तालाब क्षेत्र में बिजली के पोल से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित किराने की दुकान में जा घुसा। हादसे के दौरान दुकान के बाहर काउंटर पर सामान खरीद रही दो मासूम बच्चियां ट्रैक्टर और काउंटर के बीच फंस गईं, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित दुकान पर सामान खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान नया तालाब की ओर से बिजली के पोल लेकर आ रहा ट्रैक्टर चढ़ाई पर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे दुकान में जा घुसा। ट्रैक्टर की चपेट में आने से दुकान के बाहर मौजूद दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चढ़ाई पर बिगड़ा ट्रैक्टर का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, बिजली के पोल से लदा ट्रैक्टर एक ठेकेदारी फर्म का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नया तालाब की ओर जाते समय चढ़ाई पर अत्यधिक भार के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर फिसलता हुआ तेज गति से दुकान की ओर जा घुसा।
हादसे में दोनों बच्चियों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया। घायल कोमल को अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं दूसरी घायल बच्ची गरिमा का भी चिकित्सकों द्वारा उपचार और जांच की जा रही है। हादसे में दुकान पर मौजूद महिला दुकानदार को भी मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर तीन अन्य लोगों के साथ वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि ट्रैक्टर चालक देखने में नाबालिग प्रतीत हो रहा था। हालांकि, चालक की वास्तविक उम्र और हादसे की परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में ट्रैक्टर की लापरवाही, चालक की उम्र और वाहन में क्षमता से अधिक भार लदे होने सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


