कोरबा। जिले में एसईसीएल बलगी विद्युत सब स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए शुक्रवार देर रात करीब 15 से 20 हथियारबंद बदमाशों ने परिसर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड संजय कुमार पर डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सब स्टेशन से चोरी कर मौके से फरार हो गए।
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे अचानक बड़ी संख्या में बदमाश सब स्टेशन परिसर में घुस आए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन पर हमला शुरू कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। किसी तरह उन्होंने अपने सहकर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संजय कुमार ने बताया कि बलगी सब स्टेशन में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद रात की ड्यूटी में सुरक्षा गार्डों की संख्या पर्याप्त नहीं है और कई बार अकेले ही ड्यूटी करनी पड़ती है। उनका कहना है कि पहले परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहते थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा दिया गया। वहीं, सब स्टेशन परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी बलगी सब स्टेशन से केबल वायर चोरी का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके अलावा सुराकछार खदान क्षेत्र में भी हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है।
लगातार हो रही चोरी और सुरक्षा गार्ड पर हुए हमले के बाद एसईसीएल के विद्युत सब स्टेशन और खदान क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा कर्मियों ने परिसर में पर्याप्त रोशनी, अतिरिक्त सुरक्षा बल और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।


