कोरबा/कटघोरा। न्यू बस स्टैंड कटघोरा मुख्य मार्ग के पास संचालित मुरली होटल को तत्काल बंद कराने की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ कटघोरा ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। अधिवक्ता संघ की ओर से अध्यक्ष द्वारा एसडीएम (राजस्व) कटघोरा को सौंपे गए ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक, नगर पालिका अध्यक्ष और थाना कटघोरा को भी भेजी गई है।
अधिवक्ता संघ ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि न्यू बस स्टैंड मुख्य मार्ग पर होटल संचालन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। होटल के सामने वाहनों के अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने से जाम की स्थिति निर्मित होती है, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। संघ ने यह भी आरोप लगाया है कि होटल संचालक द्वारा परिवहन एवं यातायात नियमों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि होटल के सामने एक ग्रामीण को सीटी देकर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए खड़ा किया गया है, जबकि उसे यातायात नियमों की पर्याप्त जानकारी नहीं है। अधिवक्ता संघ ने इसे भी यातायात व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बताया है।
इसके अलावा होटल से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों को होटल के पीछे स्थित नाली में डाले जाने का भी आरोप लगाया गया है। संघ का कहना है कि इससे आसपास गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है तथा स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
कार्रवाई नहीं होने पर 26 जुलाई को प्रदर्शन की चेतावनी
अधिवक्ता संघ ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए मुरली होटल का संचालन तत्काल बंद कराने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जनहित में आगामी दिवस तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता संघ द्वारा 26 जुलाई, रविवार को होटल के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने प्रदर्शन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात कही है।
वहीं, शिकायत के संबंध में मुरली होटल संचालक का पक्ष सामने नहीं आ सका है। संपर्क होने पर उनका पक्ष भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



