कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को एक कार्बन फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित फैक्ट्री के बॉयलर में जोरदार विस्फोट होने के बाद अचानक भीषण आग लग गई। धमाके और आग की खबर से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटों और आसमान में उठते काले धुएं के गुबार को दूर-दूर तक देखा गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त फैक्ट्री के भीतर करीब 30 से 40 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट और आग लगने के बाद मजदूरों में हड़कंप मच गया और उन्होंने समय रहते फैक्ट्री से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक आग बुझाने के लिए दमकल की करीब 8 गाड़ियों को लगाया गया और लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास के इलाके को सील किया गया है। एसपी के अनुसार, फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
फिलहाल आग लगने के पीछे की वास्तविक वजह और बॉयलर में विस्फोट के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही आग और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर समय रहते बाहर निकल गए और किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।


