जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम जावलपुर में घरेलू विवाद के दौरान बहू से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सास और दो ननदों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया इंद्रानी अनंत ने बलौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान उसकी सास सुमित्रा बाई अनंत ने मोबाइल चोरी की बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसकी छोटी ननद अनिता बाई दिवाकर और बड़ी ननद सुनीता हरवंश भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला को जान से मारने की धमकी दी और उसके बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस घटना में पीड़िता को चोटें आईं।
पीड़िता की शिकायत पर बलौदा थाना में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिता बाई दिवाकर (30 वर्ष), सुनीता हरवंश (32 वर्ष) और सुमित्रा बाई अनंत (60 वर्ष) शामिल हैं। सभी ग्राम जावलपुर, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा की निवासी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक सुनील टैगोर, महिला आरक्षक रूखमणी निर्मलकर, महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय और आरक्षक नारायण भानू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


