कोरबा। बेशकीमती इमारती लकड़ी के अमानत में खयानत, अवैध परिवहन एवं चोरी के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की है। पुलिस ने लकड़ी के परिवहन और लोडिंग में प्रयुक्त एक क्रेन भी जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के समीप राजस्व क्षेत्र में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से वृक्षों की कटाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अनधिकृत रूप से परिवहन किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित की गई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों के विश्लेषण और लगातार पतासाजी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक ले जाने से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। इसके बाद प्रदेश स्तर पर गठित संयुक्त जांच दल द्वारा कार्रवाई करते हुए करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी बरामद की गई। साथ ही लकड़ी के परिवहन एवं लोडिंग में इस्तेमाल की गई क्रेन को भी जब्त किया गया।
मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे मामले की जांच जारी
पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद इमारती लकड़ी का वास्तविक स्रोत क्या है, अवैध परिवहन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




