जांजगीर-चांपा: JSW प्लांट से 2 लाख रुपये की कॉपर प्लेट चोरी, आरोपी इलेक्ट्रिशियन गिरफ्तार; 3 आरोपी फरार

CG.ई ख़बर


जांजगीर-चांपा।
अकलतरा पुलिस ने JSW प्लांट से करीब 2 लाख रुपये कीमत की कॉपर प्लेट चोरी करने के मामले में प्लांट के इलेक्ट्रिशियन जलेश्वर प्रसाद केंवट को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी संतोष रजक, दिनेश राठौर और गोपेश साहू फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस के अनुसार, JSW प्लांट के सिक्युरिटी इंचार्ज अखिलेश राय ने पुलिस को बताया कि वह प्लांट परिसर में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन नाली के पास कुछ लोग दिखाई दिए। बताया गया कि इस क्षेत्र में पहले भी चोरी का प्रयास किया जा चुका था। पेट्रोलिंग वाहन को देखकर चारों आरोपी भागने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने पीछा कर प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत जलेश्वर प्रसाद केंवट को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 38 नग कॉपर प्लेट के टुकड़े बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में चोरी की वारदात में प्लांट में काम करने वाले अन्य तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है।

अकलतरा पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 306, 331(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है।

3/related/default