सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई, पहले से गांजा तस्करी के मामले में भी जेल में बंद है आरोपी
रायगढ़। रायगढ़ में एक मासूम बच्चे को कथित रूप से भारत विरोधी नारे सिखाने के मामले में आरोपी वसीम मोहम्मद के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और महिला की शिकायत के आधार पर दर्ज मामले में जांच तेज कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिया गया, जहां वह "हिंदुस्तान जिंदाबाद" और "पाकिस्तान मुर्दाबाद" के नारे लगाता नजर आया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मई को एक स्थानीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वसीम मोहम्मद ने उसके साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ना की। साथ ही उसके नाबालिग पुत्र को "पाकिस्तान जिंदाबाद" और "हिंदुस्तान मुर्दाबाद" जैसे भारत विरोधी नारे सिखाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
महिला की शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी वसीम मोहम्मद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 351, 152 एवं 197 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की निगरानी डीएसपी उन्नति ठाकुर कर रही हैं, जबकि विवेचना की जिम्मेदारी पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सौंपी गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी मोहम्मद वसीम (43 वर्ष), निवासी जोगीडीपा, रायगढ़, 25 मई को करीब 6 किलोग्राम गांजा के साथ सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। वह वर्तमान में एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है। अब महिला की शिकायत और भारत विरोधी नारे सिखाने के आरोपों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
— संपादक: ओम प्रकाश पटेल | CG ई खबर


