चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का किया खुलासा, पड़ोसी आरोपी गिरफ्तार

CG.ई ख़बर


कांकेर/चारामा।
चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पीड़ित का पड़ोसी है और उसने अपनी निजी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।


पुलिस के मुताबिक, थाना चारामा के अपराध क्रमांक 155/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए), 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही पवन सोनकर (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02, चारामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 16 जुलाई 2026 को मकान के पीछे से प्रवेश किया और दरवाजे तथा आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली। चोरी का सामान उसने घर में रखे पर्स में भरकर उसी रास्ते से बाहर निकलकर ले गया। आरोपी ने निजी आर्थिक आवश्यकता पूरी करने के उद्देश्य से चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। बरामद सामान में सोने एवं चांदी के विभिन्न आभूषण, नगदी राशि, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, लोहे का पलटा, पेचकस, प्लास, आरी सहित अन्य औजार शामिल हैं। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य करीब 8 लाख रुपये है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस टीम द्वारा की गई।

चोरी का त्वरित खुलासा, आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक ने चारामा पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

  • और नया

    चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का किया खुलासा, पड़ोसी आरोपी गिरफ्तार

3/related/default