कोरबा, 23 जुलाई 2026। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान राज्य स्तर पर है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नई तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा पत्रकार इस क्षेत्र से जुड़ रहे हैं, जो समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
समारोह में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार हमेशा निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारिता में निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकार मौजूद रहे। महापौर संजू देवी राजपूत और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी और बिलासपुर प्रेस क्लब के अभिजीत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान ने क्लब की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, सचिव दिनेश राज ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब सदस्यों ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।




