अमरोहा में एक युवक से तीन बहनों की शादी का वीडियो वायरल, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

CG.ई ख़बर


अमरोहा।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से कथित तौर पर एक युवक द्वारा तीन बहनों से शादी किए जाने का मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। शादी से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीन युवतियां एक ही युवक के साथ मंदिर में विवाह की रस्में निभाती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि तीनों युवतियों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच है।

जानकारी के अनुसार, धौरिया गांव की रहने वाली सरोज, सावित्री और संतोष सोशल मीडिया पर रील बनाती हैं। तीनों बहनों के इंस्टाग्राम पर करीब 4.69 लाख और फेसबुक पर 84 हजार से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वीडियो बनाने में विकास नाम का युवक उनकी मदद करता था, जो कथित तौर पर एलएलबी की तैयारी कर रहा है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में तीनों बहनों ने चामुंडा माता मंदिर में अग्नि को साक्षी मानकर विकास के साथ विवाह किया। वायरल वीडियो में युवक द्वारा तीनों बहनों की मांग में सिंदूर भरने और उनके साथ फेरे लेने का दावा किया जा रहा है।

विरोध के बाद बहनों ने जारी किया वीडियो

मामला सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया और इसे सामाजिक एवं धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। विवाद बढ़ने पर तीनों बहनों ने कथित तौर पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि वे बचपन से एक-दूसरे के साथ रही हैं और परिवार की ओर से अलग-अलग स्थानों पर शादी तय किए जाने के बजाय उन्होंने एक साथ रहने का फैसला लिया।

बहनों का दावा है कि वे तीनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से यह निर्णय लिया है। उन्होंने विरोध करने वालों पर सवाल उठाते हुए ऐतिहासिक उदाहरण का भी हवाला दिया।

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो और उससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविकता और विवाह की कानूनी स्थिति की पुष्टि संबंधित प्रशासन या पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

3/related/default