Korba News: समोसा देने को लेकर विवाद, दो युवकों से मारपीट; दर्री पुलिस ने दर्ज की FIR

CG.ई ख़बर


कोरबा।
कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में समोसा खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। घटना में दो युवक घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर दर्री पुलिस ने चंडी, तमजीत कुरैशी समेत अन्य लोगों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

समोसा हाथ में देने की बात पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के अमन नगर निवासी सूराज अली (27 वर्ष) 21 जुलाई की शाम अपने दोस्त गोविंदा के साथ दुर्गा मंदिर के पास स्थित नराद समोसा दुकान पहुंचा था। दुकान में मौजूद बुजुर्ग महिला ने बताया कि 20 रुपये में खड़ा समोसा तीन पीस मिलेगा, जबकि तोड़कर लेने पर दो पीस दिए जाएंगे।

सूराज ने तीन पीस समोसा लेने की बात कही और समोसा हाथ में देने के लिए कहा। इस पर महिला ने उसे खुद आकर समोसा लेने को कहा। आरोप है कि जब सूराज समोसा लेने पहुंचा, तभी वहां मौजूद चंडी ने कथित तौर पर तंज कसते हुए कहा कि “तुम लोग कोई नेता हो क्या, जो हाथ में समोसा लाकर देगा?”

कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप

शिकायत के मुताबिक, इस टिप्पणी का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चंडी, तमजीत कुरैशी और उनके अन्य साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए सूराज अली और उसके दोस्त गोविंदा के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दुकान में मौजूद बुजुर्ग महिला ने भी डंडा निकालकर हमला किया। मारपीट की घटना में सूराज अली के सिर, मुंह और बाएं कंधे में चोट आई, जबकि उसके साथी गोविंदा के सिर में भी चोट लगने की बात सामने आई है।

दर्री पुलिस ने दर्ज की FIR

घटना के बाद सूराज अली ने दर्री थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर दर्री पुलिस ने चंडी, तमजीत कुरैशी एवं अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद और मारपीट से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

3/related/default