कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: दो युवकों की मौके पर मौत, रथ यात्रा की खुशियों के बीच गांव में पसरा मातम

CG.ई ख़बर


कोरबा।
करतला थाना क्षेत्र के कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उरगा-हाटी मुख्य मार्ग पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान चचिया दर्रीपार निवासी राहुल टोप्पो और पोलेश कंवर के रूप में बताई जा रही है। दोनों युवक किसी काम से हाटी की ओर गए हुए थे। इसी दौरान कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर करतला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

रथ यात्रा की खुशी के बीच गांव में पसरा मातम

बताया जा रहा है कि आज चचिया गांव में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल था। गांव में रथ यात्रा की तैयारियां चल रही थीं और ढोल-नगाड़ों के बीच उत्सव की खुशियां मनाने की तैयारी थी। इसी बीच दो युवकों की सड़क हादसे में मौत की खबर ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। एक ओर जहां रथ यात्रा की खुशियां थीं, वहीं हादसे की खबर के बाद गांव में मातम और सन्नाटा पसर गया।

3/related/default