कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाखोखरा में करैत सांप के डसने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची रात में अपने पिता के साथ बिस्तर पर सो रही थी, इसी दौरान जहरीले सांप ने उसके कान और हाथ पर डस लिया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार आमाखोखरा निवासी किरण सिंह मजदूरी और खेती का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए। 6 वर्षीय सान्वी कंवर अपने पिता के साथ एक कमरे में सो रही थी, जबकि उसकी मां और दूसरा बच्चा दूसरे कमरे में थे।
बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे करैत सांप बिस्तर पर पहुंच गया और बच्ची के कान तथा हाथ पर डस लिया। दर्द से तड़पकर बच्ची की चीख सुनकर परिवार के लोग जाग गए। शुरुआत में परिजनों को लगा कि बच्ची को किसी कीड़े ने काटा है, लेकिन कुछ ही समय बाद सर्पदंश के लक्षण दिखाई देने पर वे उसे तत्काल कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता किरण सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्हें लगा कि सांप कमरे से बाहर निकल गया होगा। बाद में जब उन्होंने देखा तो करैत सांप उसी बिस्तर पर लिपटा हुआ था, जहां बच्ची सो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि सांप पहले से ही बिस्तर पर मौजूद था, लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।
इधर, स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि बारिश के मौसम में करैत सहित अन्य जहरीले सांप सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों के अंदर प्रवेश कर जाते हैं। उन्होंने लोगों से रात में मच्छरदानी लगाकर सोने, घर और आसपास साफ-सफाई रखने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय बिना देरी किए अस्पताल पहुंचने की अपील की है।
लगातार हो रही बारिश के बीच जिले में सर्पदंश की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। विशेषज्ञों और स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों को विशेष सतर्कता बरतने तथा सर्पदंश की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी जा रही है।



