सारंगढ़-बिलाईगढ़। थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.610 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में पुलिस ने गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों सहित मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अवैध गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पवनी मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों रमेश कुमार साहू और राजकरण यादव को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.610 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही बिना पीछे की नंबर प्लेट वाली एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध दर्ज कर पूछताछ की गई। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपियों को प्रमोद कुमार साहू ने गांजा लाने के लिए ओडिशा भेजा था।
पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे प्रमोद कुमार साहू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


