अकलतरा में 500 रुपये के एक ही सीरियल नंबर वाले 4 नकली नोट बरामद, आरोपी गिरफ्तार

CG.ई ख़बर


जांजगीर-चांपा।
जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोट खपाने के प्रयास का मामला उजागर किया है। देशी मदिरा दुकान अकलतरा में एक व्यक्ति द्वारा 500 रुपये का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास करने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर थाना अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे, निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए। पुलिस ने इन नोटों का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अकलतरा में परीक्षण कराया, जहां चारों नोट नकली पाए गए। खास बात यह सामने आई कि चारों नकली नोटों का सीरियल नंबर एक ही था।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर इन नकली नोटों को रायपुर से लाना स्वीकार किया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 180 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड प्राप्त की गई।

इस कार्रवाई में कमलदास बैनर्जी, प्रधान आरक्षक शरीफ खान, आरक्षक वाल्मीकि राठौर एवं आरक्षक महेंद्र राज का सराहनीय योगदान रहा। मामले में नकली नोटों के स्रोत और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को लेकर पुलिस की पड़ताल जारी है।

3/related/default