गेवरा क्षेत्र की सड़क पर गड्ढे और बंद स्ट्रीट लाइट से बढ़ा हादसों का खतरा, समाजसेवी ने SECL से तत्काल मरम्मत की मांग की

CG.ई ख़बर


कोरबा।
एसईसीएल गेवरा क्षेत्र द्वारा निर्मित सरईसिंगार से भिलाई बाजार होते हुए नराईबोध तक की सड़क की बदहाल स्थिति और बंद स्ट्रीट लाइट को लेकर अब आवाज उठने लगी है। भिलाई बाजार क्षेत्र के समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।

समाजसेवी द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया है कि भिलाई बाजार डायवर्सन मार्ग पर लगाए गए सभी स्ट्रीट लाइट बंद पड़े हैं। रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने इस मार्ग पर उच्च क्षमता वाली स्ट्रीट लाइट लगाने अथवा मौजूदा लाइट व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।

भिलाई बाजार चौक के पास सड़क में गड्ढे

पत्र में सड़क की खराब स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया कि भिलाई बाजार चौक के पास करीब 100 मीटर सड़क में गड्ढे हो गए हैं। इसके अलावा भिलाई बाजार बस्ती की ओर जाने वाली इसी सड़क के लगभग एक किलोमीटर हिस्से में भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने मुख्य महाप्रबंधक से मांग की है कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

पत्र की प्रतिलिपि जिलाधीश, जिला कोरबा को भी सादर सूचनार्थ भेजी गई है।

3/related/default