जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई थाना बिर्रा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा गांजा तस्करी के लिए एक कार का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि तस्करी के दौरान रास्ता साफ कराने के लिए एक मोटरसाइकिल से पायलेटिंग भी की जा रही थी।
26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 26 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इसके अलावा गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक कार और पायलेटिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- विजय बघेल, पिता शिवशंकर बघेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर।
- उत्तम चन्द्रा, पिता यादराम चन्द्रा, उम्र 41 वर्ष, निवासी जैजैपुर, थाना जैजैपुर।
- भूरीबाई बघेल, पति ऋषि कुमार बघेल, उम्र 55 वर्ष, निवासी देवरहटा, थाना हसौद, जिला सक्ती।
- सव्या शर्मा, पति पद्मलोचन शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे जिले में कहां खपाने की योजना थी। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

