सक्ती। जिले के थाना बाराद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धोखाधड़ी के इस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान रेखा राठौर (37 वर्ष), पति/पिता जय कुमार राठौर, निवासी निमधा थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, अफरोज खान (46 वर्ष), पिता गुलशेर खान, निवासी वार्ड क्रमांक-05 पुरानी बस्ती पेण्ड्रा, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और सुभाष कुमार साहू (34 वर्ष), पिता स्व. बुद्धुराम साहू, निवासी वार्ड क्रमांक-41 भरत चौक, चिंगराजपारा चांटीडीह, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
बताया गया कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत कर पीड़ित से बड़ी रकम की धोखाधड़ी की थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना बाराद्वार पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा इससे पहले भी इनके द्वारा किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया गया है या नहीं।
इस कार्रवाई में थाना बाराद्वार पुलिस की तत्परता और टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

