CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google


दल्हा पहाड़ नागपंचमी मेले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 पाव शराब और चाकू बरामद


जांजगीर-चांपा/अकलतरा।
अकलतरा क्षेत्र के प्रसिद्ध दल्हा पहाड़ में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई युवकों की जांच की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए गए, वहीं शराब और चाकू भी बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, मेले में संभावित विवाद या हमले की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवकों से करीब 5,500 स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए। पुलिस का मानना था कि भीड़भाड़ वाले मेले में इनका इस्तेमाल मारपीट या हमले के दौरान किया जा सकता है।

इसी दौरान पुलिस ने अलग-अलग लोगों द्वारा पॉकेट, बैग और थैले में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब भी जब्त की। कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों के पास से चाकू बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है। संदिग्ध युवकों को पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ समय तक बैठाकर रखा।

मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ महिला कमांडो, पहाड़ मित्र और वॉलेंटियर्स भी तैनात रहे। पुलिस की मुस्तैदी और संयुक्त निगरानी के चलते मेले में किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

गौरतलब है कि दल्हा पहाड़ का नागपंचमी मेला क्षेत्र का ऐतिहासिक और प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पूर्व के वर्षों में मेले के दौरान विवाद और झगड़े की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस बार पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए संदिग्ध वस्तुओं और नशे के सामान की जांच पर विशेष ध्यान दिया।

वीडियो में पुलिस की कार्रवाई और मेले में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दृश्य सामने आए हैं।

Top Post Ad

Below Post Ad