जांजगीर। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने और दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को जांजगीर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार हथियार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों को किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया गया।
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और हथियार लेकर घूमने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तलवापारा क्षेत्र में दो युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश चौहान (21 वर्ष), पिता रमाशंकर चौहान, निवासी तलवापारा जांजगीर तथा पृथ्वीराज सूर्यवंशी (23 वर्ष), पिता दूजराम सूर्यवंशी, वार्ड नंबर 10, तलवापारा जांजगीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 02 नग धारदार हथियार जब्त किए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्ती
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय पैदा करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं CSP कोतवाली के मार्गदर्शन में की गई।


