कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तुलबुल में कागज पर हस्ताक्षर करने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व जनपद सदस्य कुंवर सिंह ने एक ग्रामीण पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया और मना करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने तथा घर जलाने की धमकी दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची ग्रामीण की पत्नी के सिर पर ईंट से हमला करने का भी आरोप है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 30 जुलाई 2026 की है। ग्राम तुलबुल निवासी चंदा बाई अपने पति आशाराम चौधरी के साथ घर पर थीं। इसी दौरान गांव का रहने वाला कुंवर सिंह उनके घर पहुंचा और आशाराम से एक कागज पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा। आशाराम द्वारा हस्ताक्षर करने से मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह जनपद सदस्य है और कागज पर हस्ताक्षर करना पड़ेगा।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद कुंवर सिंह आशाराम को अपने साथ लेकर चला गया। चंदा बाई अपने पति को वापस लाने के लिए निकलीं तो शाम करीब 4 बजे दोनों मुकेश की दुकान के पास बैठे मिले। चंदा बाई अपने पति का हाथ पकड़कर उन्हें घर लेकर जाने लगीं, तभी कुंवर सिंह ने कथित तौर पर विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि कुंवर सिंह ने कागज पर हस्ताक्षर नहीं करने पर उनके घर की जमीन का पट्टा अपने नाम होने की बात कही और घर जलाने तथा जान से मरवा देने की धमकी दी। इसी दौरान पास में पड़ी ईंट उठाकर चंदा बाई के सिर पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे वह गिर गईं और सिर से खून निकलने लगा। उनके पति आशाराम ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। घटना के समय गांव के अन्य लोग भी मौके पर मौजूद होने की बात शिकायत में कही गई है।
पीड़िता चंदा बाई ने अपने पति के साथ पसान थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुंवर सिंह के खिलाफ धारा 115(2), 296 और 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।
नोट: समाचार में लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर हैं। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।


